
राहुल शर्मा,जयपुर। राजस्थान विधानसभा के चुनाव 2023 में होने हैं। चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भाजपा के संगठन महामंत्री बीएल संतोष दो दिन की यात्रा पर जयपुर आए हैं। अपनी दो दिवसीय यात्रा के अंतिम दिन शुक्रवार को संतोष ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अशोक गहलोत सरकार के बारे में आम लोगों की सोच, राज्य में भाजपा की स्थिति सहित विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा हुई। संतोष ने राज्य के भाजपा नेताओं से कहा कि विधानसभा चुनाव में टिकट का फैसला संगठन ही करेगा। किसी बड़े नेता के चहरे से टिकट नहीं बंटेंगे, संगठन में काम करने वालों और जनाधार रखने वालों को टिकट मिलेगा। इस निर्णय से कुछ लोग नाराज भी होंगे, लेकिन पार्टी अपने फैसले पर कायम रहेगी।
महिला और युवा मतदाताओं पर विशेष फोकस करने के निर्देश
इस मौके पर बीएल संतोष ने कहा कि संगठन से बड़ा कोई नहीं है। संतोष ने महिला और युवा मतदाताओं पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं को पार्टी के साथ जोड़ने के लिए निरंतर अभियान चलाया जाना चाहिए। महिला मोर्चा व युवा मोर्चा के प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक के पदाधिकारियों को अभी से सक्रिय होना होगा। उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार की नाकामियों को लेकर आंदोलन चलाने के भी निर्देश दिए। संतोष ने दो दिन में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों और महामंत्रियों के साथ बैठक करने के साथ ही कुछ नेताओं से व्यक्तिगत संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सुनकर निर्णय किए जाएंगे तो बेहतर परिणाम आएंगे। संतोष ने कहा कि नेताओं को पार्टी लाइन को ध्यान में रख कर सोच-विचार कर बयान देने चाहिए। कई बार बयानों से पार्टी को नुकसान हो जाता है। संतोष ने प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और संगठन महामंत्री चंद्र शेखर के साथ अलग-अलग बैठक की। इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई।